चंदौसी। बार एसोसिएशन चंदौसी के चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। शनिवार को वार्षिक शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख रही। अंतिम दिन शाम पांच बजे तक बार परिसर में शुल्क जमा करने के लिए अधिवक्ताओं की भीड़ लगी रही। इस बार करीब 300 नए अधिवक्ता चुनाव प्रक्रिया में शामिल होंगे। संभावित प्रत्याशियों ने भी अधिवक्ताओं से संपर्क साधना शुरू कर दिया है।
वार्षिक शुल्क जमा करने वालों में एल्डर कमेटी के चेयरमैन अनिल कुमार गुप्ता, शकील अहमद वारसी, राज बहादुर, लोकेंद्र शर्मा, मोहम्मद सगीर सैफी समेत अन्य अधिवक्ता शामिल रहे। अंतिम दिन होने के कारण सुबह से ही शुल्क जमा करने के लिए अधिवक्ताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शाम पांच बजे तक बार परिसर में अधिवक्ताओं की आवाजाही बनी रही।
एल्डर कमेटी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया में इस बार करीब 300 नए अधिवक्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। नए मतदाताओं के जुड़ने से चुनाव में मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है। वहीं, संभावित प्रत्याशियों ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कई प्रत्याशी अधिवक्ताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे हैं। चुनाव की तारीख और अन्य प्रक्रिया को लेकर आगे एल्डर कमेटी की ओर से जानकारी दी जाएगी।