संवाद न्यूज एजेंसी
संभल।
जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के लिए शनिवार को जिले के 14 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा के लिए पंजीकृत 4729 विद्यार्थियों में से 2905 ने परीक्षा दी, जबकि 1824 अनुपस्थित रहे।
जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के लिए हर साल प्रवेश परीक्षा का आयोजन होता है। संभल जिले के गुन्नौर में जवाहर नवोदय विद्यालय है। डीआईओएस वेदराम ने बताया कि प्रवेश के लिए 4729 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। इनके लिए जिलेभर में 14 केंद्र बनाए गए थे। इन पर शनिवार को 2905 विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षा सुबह 11:30 से शुरू होकर 1:30 बजे तक चली। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। सेक्टर मजिस्ट्रेट ने भी निगरानी की। हर केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किया गया था।
देर से पहुंचा कुलदीप, प्रवेश न मिलने पर दिखा मायूस
संभल।
जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए परीक्षा देने के लिए कुलदीप मुरादाबाद से पहुंचा था। लेकिन उसे पहुंचने में देर हुई, सो उसे प्रवेश नहीं मिल सका। इस पर वह मायूस दिखाई दिया। संवाद