मंदसौर घटना को लेकर कलक्ट्रेट पर गरजे किसान
भाकियू के बैनर तले किसानों ने धरना-प्रदर्शन कर की दोषियों पर कार्रवाई की मांग
प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन कलक्ट्रेट पर सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
बहजोई। मध्य प्रदेश के जिला मंदसौर पुलिस फायरिंग में मृतक व घायल किसानों के परिवार के लिए मुआवजा देने की मांग को लेकर किसान कलक्ट्रेट पर गरजे। भाकियू के बैनर तले किसानों ने धरना-प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन कलक्ट्रेट पर सौंपा और पुलिस की कार्रवाई की जमकर भर्त्सना की। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की बात कही।
बुधवार को दोपहर 12 बजे करीब प्रदेश सचिव/प्रभारी बरेली/मुरादाबाद मंडल बिजेंद्र सिंह यादव के व जिलाध्यक्ष शंकर सिंह यादव के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे और धरना-प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलक्टर ओमवीर सिंह को ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया गया कि मध्य प्रदेश के जिला मंदसौर में शांतिपूर्वक अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे निहत्थे किसानों पर पुलिस व सीआरपीएफ के जवानों ने फायरिंग कर दी। इसमें पांच किसानों की मौत व सैकड़ों किसान घायल हो गए। किसानों से इस तरह का व्यवहार घोर निंदनीय है। किसी भी आंदोलन से इनकी समस्याओं पर वार्ता होनी चाहिए। अंग्रेजी शासन की तरह से दमनकारी नीतियां अपनाकर मध्य प्रदेश सरकार अपने ही किसानों की जान ले रही है। इस तरह का कृत्य लोकतंत्र पर धब्बा है। अपनी मांग में किसानों का कहना था कि फायरिंग करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया जाए। गोली कांड की सीबीआई जांच कराई जाए। घायलों को भी मुआवजा दिया जाए। मध्य प्रदेश सरकार को बर्खास्त किया जाए। ज्ञापन में हरीशंकर, सतीश चंद्र शर्मा, चंद्रपाल सिंह, डा. चुन्ना, दलबीर सिंह, मदनलाल शाक्य, योगीराम, मनवीर सिंह, जीतपाल सिंह यादव व अमर सिंह आदि रहे।