संभल। हयात नगर थाने में पुलिस अधीक्षक के वार्षिक निरीक्षण के दौरान एक दरोगा की पिस्टल अचानक चल गई। गनीमत रही कि पिस्टल का मुंह हवा था। जिससे बड़ा हादसा बच गया। हालांकि शस्त्र परीक्षण के दौरान एसपी और सीओ के अलावा अन्य पुलिस कर्मी वहां खड़े थे। अगर पिस्टल का मुंह इनकी ओर होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं अधिकारी इसे आमतौर पर होने वाला हादसा मान रहे हैं।
दरअसल मंगलवार को जिले के पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद हयात नगर थाना परिसर में वार्षिक निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। जहां वह पुलिस कर्मियों और उपनिरीक्षक से शस्त्रों का परीक्षण करा रहे थे। इस दौरान एसपी ने थाने तैनात दरोगा विनोद कुमार से पिस्टल खोलकर उसे बंद करने को कहा। दरोगा ने पिस्टल खोलकर बंद कर दी लेकिन मैगजीन चढ़ाने के बाद स्लाइड छूट गई। जिससे अचानक चली पिस्टल की गोली हवा में निकल गई।
गनीमत रही पिस्टल का मुंह दरोगा ने ऊपर की ओर किया हुआ था। अगर जरा सी चूक हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। जिस जगह शस्त्रों का निरीक्षण और परीक्षण चल रहा था। उस समय पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद के साथ पुलिस क्षेत्राधिकारी सुदेश कुुमार सामने खड़े हुए थे।
वहीं दाईं ओर प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन गिरि और अन्य कर्मचारी खड़े हुए थे। दरोगा ने पिस्टल खाली करते समय उसका मुंह बायीं ओर को हवा में किया हुआ था। दरोगा की इस सावधानी से बड़ा हादसा होने से बच गया। वहीं मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने इस घटना को गंभीरता से नहीं लिया और परीक्षण के दौरान आमतौर पर घटित होना बताया।
--------------------------------------------
शस्त्र परीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मुझसे पिस्टल खोलकर बंद करने के लिए कहा था। जिसे खोलकर बंद कर दिया था लेकिन मैगजीन चढ़ाने के बाद अचानक स्लाइड छूट गई। जिससे गोली चल गई। परीक्षण के दौरान ऐसी घटनाएं होतीं रहती हैं। - दरोगा, विनोद कुमार।