चंदौसी। भारतीय किसान यूनियन असली अराजनीतिक ने ब्याज सहित बकाया गन्ना भुगतान, समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीद, अनाधिकृत गन्ना खरीद रोकने समेत कई मुद्दों को लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेशव्यापी रेल रोको आंदोलन के लिए तिथियां तय कर दी हैं। जिसकी शुरुआत सात जनवरी को चंदौसी रेलवे स्टेशन पर रेल ट्रैक को जाम कर की जाएगी।
भाकियू (अअ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह ने पश्चिमी यूपी में कुछ जिलों में रेल रोको आंदोलन की तिथियों की सूची जारी की। जिसमें सबसे पहले संभल जिले के चंदौसी में सात जनवरी को रेल रोको आंदोलन किया जाएगा। आठ जनवरी को मुरादाबाद जिले के अगवानपुर में रेलवे ट्रैक जाम होगा।
10 जनवरी को रामपुर में रेल रोकी जाएगी। 14 जनवरी को हापुड़ के शाहबाद में और 15 जनवरी को मुरादाबाद जिले के बिलारी में रेल रोकी जाएगी। इसके अलावा अमरोहा जिले में रेल रोको आंदोलन की तिथि का ऐलान रविवार को धनौरा के निकट डींगरा गांव में होने वाली पंचायत में किया जाएगा।
तीन जनवरी को संभल के कैला देवी में भाकियू (अअ) की महापंचायत होगी। दो जनवरी को शाहबाद (रामपुर) को महापंचायत आयोजित की जाएगी। चौधरी हरपाल सिंह ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में महा पंचायतों के बाद रेल रोकी जाएगी।
महापंचायत में संबंधित जिले के रेल रोको आंदोलन की तिथि का ऐलान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गन्ना भुगतान को लेकर लगातार झूठ बोल रहे हैं। पहले तीस नवंबर तक भुगतान कराने की बात कही फिर तीस दिसंबर की तारीख दे दी लेकिन दोनों ही घोषणाएं हवाई साबित हुई हैं। वीनस शुगर मिल मझावली पर लगातार बिना पर्ची सीधी खरीद हो रही है। सस्ते में गन्ना खरीदा जा रहा है। जिला गन्नाधिकारी से मिल प्रशासन की सांठगांठ है। इसकी शिकायत उप गन्ना आयुक्त से भी की गई है।