बहजोई। बहजोई के नगर व ग्रामीण अंचलों में करीब 20 हजार से अधिक उपभोक्ताओं की पांच घंटे तक बिजली गुल रही। इससे गर्मी के चलते उपभोक्ताओं को परेशानी से गुजरना पड़ा। साथ ही सरकारी व गैर सरकारी काम-काज भी प्रभावित रहा।
रविवार को दोपहर करीब दो बजे अचानक नगर के करीब नौ हजार व ग्रामीण इलाकों के फीडरों से जुड़े 11 हजार उपभोक्ताओं की बिजली गुल हो गई। पहले तो कुछ देर तक उपभोक्ताओं ने इंतजार किया। बाद में जब देर हो गई। तो उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ने लगी। इसके बाद शाम करीब सात बजे नगर व ग्रामीण इलाके की विद्युत आपूर्ति बहाल हो गई। एसडीओ विद्युत, बहजोई अखिलेश कुमार ने बताया कि दोपहर के समय डंपर की टक्कर से पुरा ट्रांसमिशन व बहजोई के बिजलीघर के बीच की विद्युत लाइन का पोल टूट गया। इससे नगर व ग्रामीण अंचलों के जुड़े फीडरों पर विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद विद्युत लाइन ठीक हो सकी। इसके बाद शाम करीब साढ़े सात बजे नगर व ग्रामीण इलाकों में विद्युत आपूर्ति बहाल हो गई।