संभल। अपनी ससुराल से घर वापस लौट रहे एक युवक की स्कूटी को तेज रफ्तार की डीसीएम ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी जिससे स्कूटी पर सवार युवक की बहन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी डीसीएम चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अमरोहा जनपद के कस्बा जोया का राजकुमार मुरादाबाद जनपद के मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर माफी गांव स्थित अपनी ससुराल गया था। जहां से वह अपने घर वापस लौट रहा था जिसकी बाइक पर उसकी बहन मुनेश भी बैठी थी।
युवक की स्कूटी असमोली थाना क्षेत्र के पाकवाड़ा मार्ग पर दुगावर गांव के निकट पहुंची ही थी कि पीछे से तेज रफ्तार से आ रही एक डीसीएम ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी के पीछे बैठी मुनेश(40) पत्नी भगवंत निवासी बुढरेना अमरोहा की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देख मौके पर जमा हुए ग्रामीणों ने डीसीएम को घेर लिया। जिसमें चालक मौके से भीड़ को चकमा देकर भाग गया। जबकि हेल्पर को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां उसकी हालत गंभीर है। मृतका के पति ने बताया कि उसकी पत्नी अपने भाई राजकुमार के साथ उसकी ससुराल महमूदपुर माफी गई थी। लौटते समय हादसे में मौत हो गई। जिस पर दो बेटे और एक बेटी है। वहीं पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।