बबराला। रजपुरा ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमाने के लिए भाजपा खेमे से दो दावेदारों अपना नामांकन दाखिल कर दिया जिससे पार्टी में स्थानीय स्तर पर आगामी चुनाव को लेकर एकजुटता बनाए रखने की नई चुनौती खड़ी हो गई है। दोनों के बीच चुनाव का घमासान रोकने के लिए प्रयास किया गया लेकिन कामयाबी नहीं मिली। लिहाजा दोनों ओर से दाखिल नामांकन के बाद अब पार्टी के शीर्ष स्तर से समझौते का प्रयास चल रहा है।
रजपुरा में गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख पद के लिए तीन नामांकन प्राप्त हुए जिसमें करीब 12 बजे पूर्व विधायक के बेटे भूपेंद सिंह यादव उर्फ काली ने नामांकन दाखिल किया और फिर उन्होंने अपने पूर्व ब्लॉक प्रमुख रही भाई की पत्नी चित्रा यादव का भी नामांकन कराया। इसके बाद करीब ढाई बजे राजेश्वरी देवी ने पर्चा भरा। तीनों नामांकन वैध पाए गए अब शुक्रवार को नाम वापसी होगी जिसमें एक पक्ष से एक नामांकन वापस हो सकता है जिससे दो प्रत्याशी चुनाव में होंगे। दोनों ही दावेदार भाजपा खेेमे से आते हैं जिन्होंने एक साथ मिलकर आठ मार्च को निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ 66 सदस्यों में पचास सदस्य साथ अविश्वास मत कराया था। अब कयास लगाए जा रहे है कि अगर दोनों गुटों ने समझौते को स्वीकार नहीं किया तो पार्टी किसी को भी अपना समर्थन नहीं देगी। हालांकि गुन्नौर विधायक अजीत कुमार उर्फ राजू यादव समझौता कराने की संभावना जता रहे हैं।