अमर उजाला ब्यूरो।
बबराला/गवां। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर आयोजित मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही है। एक ओर श्रद्धालु हरि बाबा बांध धाम आश्रम पर पहुंचकर मंदिर में दर्शन कर रहे तो दूसरी ओर श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम गंगा में स्नान कर मां गंगा की आराधना की। हरि बोल हरे कृष्णा के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालुओं ने हरि बाबा महाराज से मन्नत मांगी और सायंकाल काल में श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया। रात्रि में भगवान राम की लीला चरित्र चित्रण के दर्शन किए विगत वर्षों की भांति इस बार भी क्षेत्र के प्रसिद्ध हरि बाबा बांध धाम आश्रम पर गुरु पूर्णिमा महोत्सव बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। मेले में विभिन्न क्रियाकलापों, रंगमंच और लघु नाटिका के सराबोर तमाम मंच श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। बुधवार की सुबह मेले में भारी तादाद में श्रद्धालु उम्र है। और सर्वप्रथम हरि बाबा आश्रम के निकट प्रवाहित हो रही गंगा की धारा में स्नान किया। जिसके बाद भगवान हरिबाबा महाराज के दर्शन कर मन्नत मांगी और प्रसाद का वितरण किया।
मेले में चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस
बबराला। मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। रामलीला परिसर से लेकर श्रीमद्भागवत कथा के पंडालों में पुलिस की कड़ी चौकसी रही। महोत्सव में जिन स्थानों पर श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ उमड़ रही है वहां महिला पुलिसकर्मियों के साथ ही उपनिरीक्षकों को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा हरि बाबा के मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ रही श्रद्धालुओं को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई है, जिसकी सुरक्षा भी पुलिस के हवाले है। पुलिस के साथ-साथ मेला प्रबंधक कमेटी के सदस्य भी सुरक्षा में सहयोग प्रदान कर रहे हैं।