चंदौसी। संभल जनपद में कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को आई जांच रिपोर्ट में 18 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 354 हो गई है। खास बात यह है कि इनमें से आठ रैंडम सैंपलिंग, नौ कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आने और एक व्यक्ति यात्रा के चलते कोरोना संक्रमित हुआ है। जनपद में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की चिंताएं बढ़ गई हैं।
गुरुवार को कोरोना की जांच रिपोर्ट में संक्रमितों के संपर्क में आने से नौ लोगों के पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। संभल के मोहल्ला सरायतरीन निवासी पन्नी व्यापारी चार दिन पहले कोरोना संक्रमित मिले थे। पन्नी व्यापारी के संपर्क में आने से सोमवार को आई जांच रिपोर्ट में 13 वर्षीय बेटा, 16 वर्षीय बेटी, 32 वर्षीय भाई, मोहल्ला बाजार गंज सरायतरीन निवासी 52 वर्षीय भाई, 22 वर्षीय भतीजी कोरोना संक्रमित मिले हैं।
इनके अलावा सरायतरीन निवासी लोहे के दुकानदार युवक कोरोना पॉजिटिव मिला था। सोमवार को आई जांच रिपोर्ट में युवक के संपर्क में आने से 52 वर्षीय मां कोरोना संक्रमित मिली है। मिलक सेंदरी निवासी 18 वर्षीय और 15 वर्षीय दो सगे भाई एक महिला के संपर्क में आने से कोरोना संक्रमित हुए हैं। मोहल्ला सरायतरीन निवासी 20 वर्षीय युवक अपने चाचा के संपर्क में आने से कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। रैंडम सैंपलिंग में चंदौसी के गणेश कालोनी निवासी 25 वर्षीय एवं 24 वर्षीय युवक, संभल के मोहल्ला फतेहउल्ला गंज निवासी 26 वर्षीय युवक, उसकी आठ वर्षीय बेटी, मोहल्ला हातिम सराय निवासी 30 वर्षीय युवक, 21 वर्षीय दूसरा युवक, संभल के मोहल्ला कोट पूर्वी निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति, मोहल्ला लखुपुरा निवासी 60 वर्षीय महिला जांच में कोरोना संक्रमित मिले हैं।
वहीं गांव बड्डी वाली बस्ती निवासी 35 वर्षीय युवक की सोमवार को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। युवक करीब एक सप्ताह पहले किसी काम से संभल आया था, वहां से हिमांचल गया था। वहां से बस, गाड़ी आदि वाहनों से दिल्ली होते हुए सोमवार को घर आया था। बुखार होने पर कोरोना की जांच कराई तो संक्रमित मिला है।