चंदौसी। सुभाष रोड स्थित रायसत्ती मंदिर में बसौड़ा पूजन के लिए महिलाओं की भीड़ जुटी। अपने लाड़लों को दैवीय प्रकोप से बचाने के लिए पूजन करने के लिए लाइन में लगकर काफी देर इंतजार करना पड़ा। पूजा अर्चना के बाद मेले में चाट पकौड़ी का जायका लिया गया और जमकर खरीदारी की गई।
होली के बाद दूसरे गुरुवार को रायसत्ती मंदिर में बसौड़ा पूजन के लिए श्रद्घालुओं को सुबह छह बजे से मंदिर पहुंचना शुरु हो गया। जैसे जैसे भीड़ बढ़ी तो अव्यवस्था न हो इसके लिए लाइन लगा दी गई। इसके बाद श्रद्घालुओं को काफी देर तक लाइन में लगकर पूजा अर्चना के लिए इंतजार करना पड़ा। सभी ने पूजा अर्चना के दौरान घर परिवार की खुशहाली की कामना की।
मंदिर में पूजा अर्चना के बाद अन्नदान किया गया। लोगों ने घर से लाया खाना मंदिर परिसर में बैठकर खाया। साथ ही मंदिर परिसर के आसपास और सुभाष रोड पर मेले का भी आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों ने छोटे झूले व चाट पकौड़ी व आइसक्रीम का जायका लिया वहीं महिलाओं ने भी मेले में जमकर खरीदारी की। सुबह छह बजे से शुरु हुए पूजन के लिए दोपहर तीन बजे तक लगी रही।