संभल। दो सप्ताह पूर्व हुई गाली गलौज की रंजिश मानते हुए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद गांव में तनाव का माहौल है। मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी और कोतवाल भी पहुंच गए। युवक की हत्या के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए।
कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के गांव के कैल के कुंवरपाल पुत्र यादराम बुधवार की सुबह को अपने परिवार के साथ कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के पतरिया चौकी के गांव थाना गया था। जिसके साथ छोटा भाई देवेंद्र सिंह उर्फ चौधरी भी था। थाना गांव में कुंवरपाल की पत्नी फूलवती की भतीजी की मौत हो गई थी। जबकि कुंवरपाल का एक भूपेंद्र सिंह घर पर अकेला रह गया था। परिजनों के मुताबिक देर शाम करीब सात बजे मोहल्ले के चार लोग आये और भूपेंद्रसिंह पर फायरिंग करने लगे। हमलावरों से बचने के लिए भूपेंद्रसिंह छत पर चढ़ गया। तभी अन्य परिजन गाड़ी लेकर आ गए। गाड़ी में से सबसे पहले देवेंद्र सिंह उर्फ चौधरी (35वर्ष) नीचे उतरा ही था कि हमलावरों ने उसके सिर में गोली मार दी। जिससे वह नीचे गिर पड़ा। घर के परिजन गाड़ी से उतर पाते कि तब तक चीख-पुकार मच गई। हमलावर मौके से फरार हो गए। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर गांव के ही होने के कारण तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना के बाद गुन्नौर पुलिस मौके पर पहुंची जिसके बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। जहां पुलिस ने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी हासिल की तो 10:30 बजे तक शव का पंचनामा नहीं भरा गया। प्रभारी निरीक्षक सुमन कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर लिखी जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।