चंदौसी। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा-2019 सोमवार से शुरू होगी। जिले में 32 महाविद्यालयों में पंजीकृत संस्थागत एवं व्यक्तिगत 33760 विद्यार्थी जिले में बनाए गए 26 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे। परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी के साथ साथ वॉयस रिकार्डर भी लगाए गए हैं।
एमजेपी रुहेलखंड यूनिवर्सिटी बरेली की मुख्य परीक्षा-2019 संभल जिले के 26 परीक्षा केंद्रों पर 25 फरवरी से शुरू हो रही है। जिलेभर में कुल 33760 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। एसएम महाविद्यालय चंदौसी के प्राचार्य डा. बालेंदु वशिष्ठ ने बताया कि परीक्षाएं तीन पालियों में होगी। पहली पाली सुबह सात से 10 बजे तक होगी, जिसके प्रभारी डा. एके अस्थाना रहेंगे।
दूसरी पाली सुबह 11 बजे से दो बजे तक होगी, जिसके प्रभारी पीके अग्रवाल होंगे और तीसरी पाली तीन बजे से शाम छह बजे तक होगी। इसके प्रभारी डा. एके सिंह रहेंगे। एमजीएम महाविद्यालय संभल के प्राचार्य डा. आबिद हुसैन ने बताया कि नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों के साथ साथ वॉयस रिकार्डर भी लगाए गए हैं। ताकि किसी भी तरह से नकल की संभावना न रहे।
तलाशी के बाद ही बच्चों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति होगी। रोशन सिंह स्मारक महाविद्यालय चांडा कोठी के प्राचार्य डा. वीके गुप्ता ने बताया कि परीक्षाएं रविवार को भी कराई जाएंगी। 15 अप्रैल तक लगातार परीक्षाएं कराई जाएंगी।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अनुपस्थित विद्यार्थियों का प्रोफार्मा महाविद्यालयों की लॉगिन आईडी से ऑनलाइन अपलोड/डाउनलोड करके प्रत्येक दिन पालीवार प्रत्येक दशा में शाम चार बजे तक ऑनलाइन उपलब्ध कराना होगा।
ये कालेज बनाए गए हैं परीक्षा संकलन केंद्र
-एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय परीक्षा के लिए जिले में एसएम महाविद्यालय चंदौसी व एमजीएम महाविद्यालय संभल को परीक्षा संकलन केंद्र बनाया गया है। इन संकलन केंद्रों पर ही जिले के सभी परीक्षा केंद्रों की उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षा के बाद संकलित की जाएगी।