चंदौसी। घर बैठे रेल का अनारक्षित टिकट निकालने के लिए रेल मंत्रालय ने यूटीएस (अनरिजर्व टिकट सिस्टम) एप जारी किया है। मुख्य टिकट निरीक्षक आदि ने सोमवार को रेलवे स्टेशन पर एंड्रायड मोबाइल धारक यात्रियों को एप के बारे में शिविर लगाकर जानकारी दी।
मुख्य टिकट निरीक्षक गोविंदराम दिवाकर ने बताया कि रेल प्रशासन द्वारा जारी किए गए यूटीएस एप से घर बैठे ही कहीं से भी किसी भी समय अपना अनारक्षित टिकट बुक किया जा सकता है। इस एप से पेपर सहित और पेपर रहित दोनों तरह के टिकट निकाले जा सकते हैं। पेपर सहित टिकट निकाला तो उसकी इंट्री स्टेशन की विंडों पर करानी होगी, तो उसका कोई खास फायदा नहीं होगा, क्योंकि खिड़की तक तो आना ही होगा। लेकिन पेपर लेस टिकट का फायदा होगा। वह टिकट एप पर मौजूद रहेगा। टिकट निरीक्षक यदि चेक करने आता है तो उसे मोबाइल फोन में ही टिकट दिखाया जा सकता है। वाणिज्य निरीक्षक अनुज कुमार ने बताया कि एप को अन्य एप की तरह अपने अकाउंट से रिचार्ज किया जा सकता है। उसके बाद उससे टिकट खरीदा जा सकता है। एप को रिचार्ज करने पर भी उपभोक्ता को फायदा होगा। क्योंकि 100 रुपये के रिचार्ज पर एप में 105 रुपये आएंगे। स्टेशन अधीक्षक आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि इससे यात्रा टिकट के साथ साथ सीजन टिकट व प्लेट फार्म टिकट भी निकाला जा सकता है। यह एप रेल लाइन के करीब पचास मीटर की दूरी पर ही काम करेगा। ऐसा बिना टिकट यात्रा को रोकने के लिए किया गया है। ऐसा हो सकता है कि कोई भी व्यक्ति बिना टिकट ट्रेन पर सवार हो और टीटीई को देखते ही तत्काल टिकट निकाल ले। इसलिए ट्रेन के अंदर व रेल लाइन से कम से कम पचास मीटर की दूरी पर ही एप काम करेगा। टीटीई दानिश बाबू, पूनम शर्मा ने भी युवाओं को एप के बारे में विस्तार से जानकारी दी।