चंदौसी। केंद्र सरकार द्वारा व्यापारी पेंशन की घोषणा किए जाने के बाद व्यापारी वर्ग में खुशी का माहौल है। उन्होंने मिठाई बांटकर खुशी जताई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है।
उत्तर प्रदेश व्यापार प्रतिनिधि मंडल की बैठक जिला कार्यालय पुरानी पैंठ पर हुई। जिसमें देेश के छोटे व्यापारी को पेंशन दिए जाने की घोषणा का स्वागत किया गया। मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। जिला महामंत्री राजीव वार्ष्णेय ने कहा कि यह व्यापारियों की 30 वर्ष पुरानी मांग है। जिसे मोदी सरकार ने पूरा किया है। व्यापारी सरकार के टैक्स कलक्टर के रूप में कार्य करता है। लेकिन सेवानिवृत्ति की अवस्था में उसे सरकार से कोई पुरस्कार अथवा पेंशन नहीं मिलती थी। अब व्यापारी दोगुने उत्साह से सरकार के लिए राजस्व एकत्र करने का काम करेगा।
अब देश में पंजीकृत व्यापारियों की संख्या भी बढ़ेगी। इस दौरान व्यापारियों ने मांग करते हुए कहा कि व्यापारी को जीएसटी रजिस्ट्रेशन के आधार पर आधार की तरह का पहचान पत्र जारी किया जाए। जीएसटी में पंजीकृत व्यापारी का पांच लाख का जीवन बीमा और दुकान का भी पांच लाख का बीमा सरकार कराए।