संभल। जिला अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार को 522 मरीज पहुंचे। इसमें त्वचा रोग के ही 150 मरीज थे। सर्दी बढ़ने के कारण यह मरीज बढ़े हैं। चिकित्सकों ने सलाह दी है कि स्वयं अपनी त्वचा का ख्याल रखें। नहीं तो आप भी त्वचा रोग से पीड़ित हो सकते हैं।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. चमन प्रकाश का कहना है कि मौसम बदलने के साथ त्वचा रोग बढ़ रहा है। तापमान कम होने के बाद शुष्क त्वचा के मामले ज्यादा आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि त्वचा रोग अगर एक व्यक्ति को है तो परिवार के दूसरे लोगों को होने का खतरा रहता है। ऐसे में परिवार के सभी लोग उपचार कराएं। अगर परिवार के सभी लोग उपचार नहीं लेंगे तो बीमारी पूरी तरह से ठीक नहीं हो पाएगी। इस रोग में मरीज के शरीर पर दाने और खुजली होने लगती है।
नारियल के तेल से मालिश करें
मौसम में बदलाव पर त्वचा का ख्याल जरूर रखना चाहिए। नहाने के बाद जौ या नारियल के तेल की शरीर पर मालिश करें और साफ-सफाई का ध्यान रखें। कपड़ों को गर्म पानी में धोएं और अच्छी तरह सुखाएं। इसके साथ ही अगर खुजली हो तो डॉक्टरों की परामर्श के साथ इलाज कराएं।