लो-वोल्टेज से 300 गांवों में चरमराई बिजली व्यवस्था
पारा चढ़ते ही व्यवस्था धड़ाम, 18 की जगह दो से चार घंटे मिल रही है आपूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो
संभल। तापमान के बढ़ने के साथ ही शहर से लेकर देहात तक की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे की जगह मात्र दो घंटे विद्युत आपूर्ति मिल रही है। इससे लोग गर्मी में उबल रहे हैं। सिंचाई का काम प्रभावित है। खिरनी, कैलादेवी, सिंहपुरसानी, एंचोड़ा कंबोह, असमोली, सैदपुर गंगू, सिरसी, खिरनी बिजली घर से जुड़े खिरनी, अजरा, नारंगपुर, कैली, लधनपुर, नूरपुर, निबौरा, धतरा, करछली, ततारपुर, मूसापुर, करछली, सिकंदपुर देहरी, सारंगपुर, बसला की मढ़ैया, रायपुर समेत लगभग 300 गांवों को लो-वोल्टेज के चलते मात्र दो से चार घंटे ही बिजली मिल पा रही है। इससे लोग गर्मी में उबल उठे और त्राहि-त्राहि मची है। बिजली न मिलने के चलते लोग सौर उर्जा की चार्जिंग से मोबाइल को चार्ज कर रहे हैं।
भाकियू ने आंदोलन करने की दी चेतावनी
संभल। भारतीय किसान यूनियन असली ने बिजली की व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस बाबत उन्होंने मंगलवार को अधिशासी अभियंता को ज्ञापन दिया है। जिसमें कहा हैं कि एंचोड़ा कंबोह बिजलीघर सहित सभी ग्रामीण बिजली घरों से जुड़े किसानों को लोवोल्टेज के साथ मात्र दो घंटे बिजली मिल पा रही है। जल्द ही विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार किए जाने की मांग की है। राजपाल सिंह यादव, चौधरी सुरेंद्र सिंह, नेमपाल सिंह, हाजी महबूब, दिलशाद हुसैन, जयवीर सिंह यादव, अमर सिंह देवल, होमपाल सिंह, अनादिल हुसैन मौजूद रहे।
भाकियू अराजनैतिक ने उठाया बिजली न मिलने का मुद्दा
संभल। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की बैठक में सुधार न होने की दशा में धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई। बैठक रामपुर उर्फ यारपुर गांव में संपन्न हुई। बैठक में तहसील अध्यक्ष रामवीर त्यागी ने कहा कि सरकार किसानों को 18 घंटे बिजली देने की बात कर रही है लेकिन संभल में किसानों को मात्र 2 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। इसमें कभी ट्रिपिंग तो कभी लोवोल्टेज की समस्या बनी रहती है। किसानों की फसलें सूखने के कगार पर है। जल्द ही सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। मिंटू त्यागी, कुंवरपाल, धीरेंद्र त्यागी, हाजी नजारूल, बलवीर सिंह, दुर्गेश प्रजापति आदि रहे।
भाजपा ने डीएम को दिया ज्ञापन
संभल। भारतीय जनता पार्टी की नगर कार्यकारिणी ने बिजली की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया है। इसमें शहर की ट्रिपिंग की समस्या से छुटकारा दिलाए जाने की मांग के साथ ही विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की मांग की गई है। नगर अध्यक्ष योगेंद्र नेता ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जिले में 24 घंटे तथा तहसील में 18 घंटे बिजली देने के निर्देश दिए है लेकिन विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते नागरिकों को विद्युत आपूर्ति नहीं मिल रही है। बिजली के लिए उन्हें परेशान होना पड़ रहा है। प्रिंस शर्मा, शोभित गुप्ेता, कमलेश गुप्ता, सौरभ गुप्ता, दीपक शर्मा, नवदीप गुप्ता, सुभाष खन्ना, सुनील टंडन, ईशु शर्मा आदि रहे।