बबराला। चौधरी चरण सिंह गंगा बैराज नरौरा पर गंगा नदी पूरी तरह से उफान पर है। और खतरे के निशान (178.53 मीटर) से महज 13 सेमी नीचे बह रही है। जहां मंगलवार को 212933 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जबकि गंगा नदी की मुख्य धारा में 200483 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसका असर बाढ़ प्रभावित इलाके में साफ नजर आ रहा है। अपने तीव्र वेग से बह रही गंगा नदी अब अपने तलहटी वाले इलाके में कहर बरपा रही है। नरौरा डैम के लिपिक संजय कुमार ने बताया कि जल स्तर में वृद्धि लगातार जारी है। अगर हरिद्वार से पानी छोड़े जाने का सिलसिला बना रहा तो खतरे के निशान को भी छू सकती हैं।
हरिद्वार में बढ़ा गंगा का जलस्तर
बबराला। पहाड़ों पर हो रही बारिश के बाद मंगलवार को हरिद्वार में गंगा का जलस्तर बढ़ गया। मंगलवार को हरिद्वार से 77397 क्यूसेक पानी छोड़ा गया जोकि सोमवार की अपेक्षा दस हजार क्यूसेक अधिक है। जबकि बिजनौर में भी गंगा नदी उफान पर है। जहां मंगलवार को 145485 क्यूसेक पानी छोड़ा गया जिसका दबाव नरोरा पर पढ़ते ही जलस्तर में वृद्धि हो जाएगी।