चंदौसी। पिछले महीने चुनावी दौड़धूप और विभिन्न कार्यों को अंजाम देने में लगी ड्यूटियों के कारण शहर की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो गई। शहर के कई क्षेत्रों में नियमित सफाई के लिए सफाई कर्मचारियों का पहुंचना बंद हो गया। जिससे कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लग गए। लोगों से घरों के कूड़ेदान भी भर गए। सफाई व्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने के लिए अधिशासी अधिकारी ने सफाई नायकों के साथ बैठक कर दो शिफ्टों में सफाई व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कर्मचारियों की मौके पर ही हाजिरी लगेगी।
दरअसल इस बार सफाई कर्मचारियों को भी चुनावी कार्यों में लगा दिया गया था। जिस कारण शहरी क्षेत्रों की सफाई प्रभावित हो गई थी। सफाई कर्मचारी नियमित सफाई पर ध्यान नहीं दे सके थे। जगह-जगह कूड़े के ढेर भी नजर आने लगे थे। नगर पालिका परिषद कार्यालय में भी अचानक सफाई व्यवस्था की शिकायतें बढ़ गई थी। इस पर अधिशासी अधिकारी राज कुमार ने सफाई नायकों के साथ बैठक की। जिसमें कहा गया कि सभी सफाई कर्मचारी चुनाव ड्यूटी से वापस लौट चुके हैं। इसलिए सफाई व्यवस्था को रोजाना दो शिफ्टों में सुनिश्चित किया जाए।
चौदह सफाई नायक हैं, सभी सुबह छह बजे से 14 स्थानों पर अपने-अपने अधीनस्थ सफाई कर्मचारियों की हाजिरी लगाएंगे। इसके बाद सफाई व्यवस्था को करीब सुबह 8.30 बजे तक सुनिश्चित कराएंगे। साथ ही कर्मचारियों की चेकिंग करेंगे। इसके बाद दूसरी शिफ्ट में अपराह्न दो बजे हाजिरी लगाएंगे और उसके बाद सफाई कार्य सुनिश्चित कराएंगे। इस दौरान लगातार भ्रमण कर सफाई करते हुए चेकिंग करेंगे। यदि कोई सफाई कर्मचारी किसी कारण ड्यूटी पर नहीं आया तो उसकी पूर्व सूचना देनी होगी। यदि बिना पूर्व सूचना के सफाई कर्मचारी गायब मिलेगा तो उसका वेतन काट दिया जाएगा। साथ ही सफाई नायक का भी वेतन काटते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।