संभल। ऑल इंडिया अब्बासी वेलफेयर सोसायटी की ओर से नायब तहसीलदार को मुख्यमंत्री के संबोधित ज्ञापन सौंपा गया है। इसमें एक परिवार की आर्थिक मदद की गुहार लगाई गई है। गुरुवार को अब्बासी वेलफेयर सोसायटी की ओर से नायब तहसीलदार नितिन तनेजा को मुख्यमंत्री के लिए ज्ञापन सौंपा गया है। इसमें सोसायटी की ओर से कहा गया है कि गत वर्ष के अगस्त महीने में तहसील के गांव छछौरा निवासी बाबू के आठ वर्षीय मासूम बेटे सैफ अली की करंट लगने से मौत हो गई थी। हादसा उस समय हुआ जब मासूम गांव के प्राथमिक विद्यालय में लगे हैंडपंप पर पढ़ाई के दौरान पानी पीने के लिए गया था। अचानक हैंडपंप पर उतरे करंट से मासूम छात्र की मौत हो गई। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को मुआवजा दिए जाने का आश्वासन मिला था। पर काफी समय बीतने के बाद भी कोई आर्थिक सहायता नहीं की गई। सोसायटी ने आर्थिक मदद करने का आग्रह किया है। इस दौरान सुहेल गौरी, सालिम हुसैन, ताहिर हुसैन, आसिफ, अरशद, उवैस, अजीम अब्बासी, मोहम्मद जुनैद, बाबू, अतीक आदि मौजूद रहे।