संभल। जिले में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने का सिलसिला रूक नहीं रहा है। लगातार मरीज मिल रहे हैं। शुक्रवार को इस वर्ष के सबसे ज्यादा मरीज एक दिन में 13 मिले हैं। अब सक्रिय मरीजों की संख्या 42 हो गई है। लगातार मरीजों की संख्या बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग की भी चिंता बढ़ गई है। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. मनोज चौधरी ने बताया कि जो संक्रमित मरीज मिले हैं। उनमें बहजोई निवासी 20 और 30 वर्षीय युवक, गांव कैलमुंडी निवासी 25 वर्षीय युवती, गांव डुप्टाकलां निवासी 13 वर्षीय बालिका, हजरतनगर गढ़ी निवासी 14 वर्षीय किशोरी, 24 वर्षीय युवती, असमोली निवासी 35 वर्षीय युवक, संभल निवासी 20 और 22 वर्षीय युवती, 30 वर्षीय युवक, गांव बगडेर निवासी 21 वर्षीय युवती, गांव सराय सिकंदर निवासी 21 वर्षीय युवती और 70 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। इन सभी को खांसी, बुखार, जुकाम और गले में दर्द की समस्या थी। आरटीपीसीआर की जांच के दौरान संक्रमित पाए गए हैं। बताया कि इन मरीजो को होमआइसोलेट कराया गया है। इनके संपर्क में रहे लोगों की जांच कराई जाएगी।