बबराला/गवां। कस्बा गवां में बारिश के दौरान फुंके ट्रांसफार्मर से एक मोहल्ले के करीब 100 घरों में अंधेरा छाया हुआ है। मोहल्ले के लोगों ने इसकी शिकायत विभाग के अधिकारियों से की है लेकिन 72 घंटे बाद भी इसे नहीं बदला गया है।
कस्बा गवां के मोहल्ला होली चौक में सोमवार को बारिश के दौरान एक ट्रांसफार्मर अचानक फुंक गया था। जिससे इस मोहल्ले के करीब सौ घरों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। सोमवार की रात से लेकर मंगलवार की रात को भी इन घरों में अंधेरा छाया रहा।
विद्युत आपूर्ति ठप होने से विभिन्न काम ठप रहे। जिसमें सबसे ज्यादा दिक्कत पानी की रही। ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद मोहल्ले के लोगों ने इसकी शिकायत विद्युत विभाग के अधिकारियों से की है।
बावजूद इसके 72 घंटे बीत जाने के बाद भी विद्युत विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर को नहीं बदला गया है। उपखंड गवां के एसडीओ ने बताया कि शिकायत मिल गई है। गुरुवार को ट्रांसफार्मर मुरादाबाद से मंगाया जाएगा। इसके बाद आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।