संभल। बीएड की फर्जी डिग्री पर नौकरी कर रहे 11 परिषदीय शिक्षकों के खिलाफ एक बार फिर से बर्खास्त करते हुए एफआईआर दर्ज कराने के आदेश बीएसए ने दिए हैं।
बीएसए वीरेंद्र प्रताप सिंह ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी किए हैं कि बीएड की फर्जी डिग्री पर नौकरी करने वाले जिले के 11 शिक्षकों के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई है। इन सभी शिक्षकों के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई जाए। बीएसए ने बताया कि बीते दिनों एसआईटी की जांच में जिले के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत बेसिक शिक्षकों की बीएड की डिग्री फर्जी होने का खुलासा हुआ था। इस पर विभागीय आला अफसरों के आदेश पर इन सभी शिक्षकों के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई कर वेतन पर रोक लगा दी गई थी। साथ ही तीन शिक्षकों के खिलाफ पहले ही एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। बाद में शिक्षकों को उच्च न्यायालय से स्टे मिल गया था। उच्च न्यायालय के आदेश पर इन सभी शिक्षकों को फिर से कार्यभार ग्रहण कराया गया था। बाद में उच्च न्यायालय की डबल बेंच से 26 फरवरी 2021 को मिले आदेश के मुताबिक इन सभी शिक्षकों के खिलाफ बर्खास्तगी करते हुए एफआईआर दर्ज कराने के आदेश खंड शिक्षा अधिकारियों को दिए गए हैं। इसके बाद पूरी कार्रवाई से अवगत कराने के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। बीएसए ने बताया कि यह बात दीगर है कि पूरे मामले में तीन शिक्षकों के खिलाफ पहले ही एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। अब सभी शिक्षकों के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई यथावत रहेगी और शेष 8 शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि इन सभी शिक्षकों के माह फरवरी 2021 के वेतन पर रोक लगा दी गई है।