संभल। जिले में शनिवार का दिन कोरोना के मामले में सबसे अधिक विस्फोटक रहा। एक साथ ग्यारह लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं। इससे पहले एक दिन में अधिकतम पांच लोग कोरोना संक्रमित निकले थे। इतनी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित निकलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया क्योंकि कोरोना योद्धा के तौर पर काम कर रहे चार स्वास्थ्य कर्मी भी पहली बार कोरोना संक्रमित हुए हैं।
अब तक जिले में एक भी स्वास्थ्य कर्मी कोरोना संक्रमित नहीं हुआ था। स्वास्थ्यकर्मियों के अलावा दो सिपाही और एक विद्यार्थी में कोरोना का संक्रमण मिला है। वहीं एक दंपती नोएडा से कोरोना लेकर आए हैं। कृषि यंत्र की आपूर्ति करने वाली फर्म का एक कर्मचारी लखीमपुर से लौटकर कोरोना संक्रमित हुआ है। एक अहमदाबाद से लौटा प्रवासी मजदूर है।
संभल जिले में कोरोना का संक्रमण अब बढ़ रहा है। नरौली स्थित कोरोना अस्पताल में मरीजों के उपचार में लगी स्वास्थ्य विभाग की टीम में शामिल लैब टैक्नीशियन, वार्ड ब्वॉय और स्वीपर कोरोना संक्रमित निकले हैं। चौथा कोरोना योद्धा अकरौली के राधा गोविंद इंस्टीट्यूट स्थित क्वारंटीन केंद्र का वार्ड ब्वॉय है। इसके अलावा दिल्ली की आजादपुर मंडी से सब्जी भरे ट्रक में सवार होकर आया संभल का युवा विद्यार्थी कोरोना संक्रमित निकला है।
कृषि यंत्र की आपूर्ति लखीमपुर देने गया एक कर्मचारी और अहमदाबाद में चांदी के बर्क बनाने का काम करने वाला एक प्रवासी मजदूर भी कोरोना संक्रमित निकला है। सभी के नमूने 14 मई को लिए गए थे। रिपोर्ट 16 मई को आई है। अब इनके कांटेक्ट को तलाशने में स्वास्थ्य विभाग की टीम लग गई है। संपर्क में रहे लोगों की सूची बनाई जा रही है। सूची के आधार पर लोगों को अस्पताल लाकर अब कोरोना की जांच कराई जाएगी।