चंदौसी। बनियाठेर थाना क्षेत्र के अकरौली गांव के पास एक घर में 1085 नए गैस सिलिंडर मिले हैं जिनकी कीमत 16.31 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के साथ साथ जिला पूर्ति अधिकारी भी मौके पर पहुंचे लेकिन प्रथम दृष्टया पाया गया कि ये सिलिंडर मुजफ्फरनगर से पश्चिम बंगाल जा रहे हैं। दो बडे़ ट्रकों के टायर फटने के कारण चालक ने सिलिंडरों को यहां उतार लिया था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
बनियाठेर थाना क्षेत्र के अकरौली के पार्क के पास स्थित मोहम्मद इरफान के घर में करीब 1100 गैस सिलिंडर रखे होने की सूचना मिली तो पुलिस में भी खलबली मच गई। पुलिस ने तत्काल मौके पर जाकर देखा तो घर के अंदर सिलिंडर भरे हुए थे। सभी गैस सिलेंडरों पर भारत गैस लिखा है। नए सिलिंडर खाली हैं। सूचना पर जिला पूर्ति अधिकारी अभय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने अभिलेख चेक किए जिसमें 1085 सिलिंडर का जीएसटी सहित बिल था, जिसमें 1631308 रुपये कीमत अंकित थी। 1085 खाली नए गैस सिलिंडरों को लेकर दो गाड़ियां मुजफ्फरनगर स्थिति गैस सिलिंडर निर्माता कंपनी तिरुपति सिलेंडर लिमिटेड से पश्चिमी बंगाल के दुर्गापुर में भारत गैस को आपूर्ति के लिए ले जाए जा रहे थे। गाड़ियों का चालक व मालिक बब्लू खां अकरौली गांव का निवासी है। वह पश्चिमी बंगाल जाते समय अपने घर होकर जाना चाहता था लेकिन यहां गाड़ी के टायर फट गए, जिससे रुपये का इंतजाम करने के लिए समय लग गया। इस कारण उसने सिलिंडर एक घर में उतार दिए। फिलहाल तो अभिलेख सही लग रहे हैं लेकिन भारत गैस के अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। जांच के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।