379.72 करोड़ से होंगे विकास के कार्य, मिली मंजूरी
जिला पंचायत बोर्ड ने सर्वसम्मति से दी जिला पंचायत अध्यक्ष को पूरी कमान
जिला पंचायत की बैठक में पहुंचे सपा सांसद समेत अन्य विधायक व जन प्रतिनिधि
अमर उजाला ब्यूरो
बहजोई(संभल)।
जिला पंचायत बोर्ड की ओर से जिला योजना में विकास कार्यों को 379.72 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। इसके लिए बोर्ड ने सर्वसम्मति से जिले में विकास कार्यों के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष को पूरी कमान सौंप दी है। मंजूर हुई इस रकम से जिले भर के सभी ब्लाकों समेत जिला पंचायत क्षेत्रों में विकास कार्य होना है। जिला पंचायत की बैठक में बैठक समाजवादी पार्टी के सांसद समेत अन्य विधायक व जन प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा चतुर्थ राज्य वित्त आयोग के तहत प्राप्त होने वाले अनुदान से कराए जाने वाले कार्यों की कार्य योजना के गठन/अनुमोदन पर भी विचार किया गया। इस बीच बोर्ड की बैठक में बिजली व सड़क आदि के मुद्दे भी उठे।
सोमवार को दोपहर साढ़े बारह बजे करीब जिला पंचायत सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में जिला पंचायत सदस्यों ने बिजली व सड़क आदि के मुद्दे उठाए। असगर अली अंसारी ने कहा कि जिले भर में सड़कें जर्जर हालत में हैं। इन सड़कों को दुरुस्त कराया जाए। रही बिजली की बात, तो ग्रामीण अंचलों में बिजली मानक के मुताबिक पूरे शेड्यूल से चाहिए। ज्ञानेंद्र यादव का कहना था कि अधिकारियों को चाहिए कि जिले में विकास की ओर पूरा ध्यान दें। सदस्यों की ओर से उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता दिखाते हुए समस्याओं का शीघ्र ही निस्तारण कराया जाए। जिला पंचायत अध्यक्ष सोनम देवी समेत जन प्रतिनिधियों में बदायूं के सपा सांसद धर्मेंद्र यादव समेत पूर्व मंत्री व संभल विधायक नवाब इकबाल महमूद, असमोली विधायक पिंकी यादव, बिलारी विधायक मोहम्मद फईम व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति यादव तथा अधिकारियों में जिला विकास अधिकारी अरविंद कुमार, पीडी हरेंद्र सिंह, डीपीआरओ रणधीर सिंह, डीआईओएस विनोद कुमार व भूमि संरक्षण अधिकारी कृषि कुलदीप कुमार राणा व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।