बनियाठेर। थाना क्षेत्र में रहने वाले दस वर्षीय बालक ने अपने घर में कुंडे से चुनरी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। बालक की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पिता ने शव को कुंडे से उतारा। इसके बाद परिजन शव को अपने पैतृक गांव ले गए, जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अभी आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है और न ही पुलिस को सूचना दी है।
थाना बनियाठेर के एक गांव निवासी व्यक्ति अपनी पत्नी और पांच बच्चों के साथ बनियाठेर में किराये के मकान पर रहते हैं। उनकी पत्नी घर से थोड़ी ही दूर एक फैक्टरी में काम करती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार सुबह पिता अपने काम पर चले गए और महिला भी फैक्टरी में काम पर चली गई। इस बीच उनके दस वर्षीय बेटे ने कमरे में लगे कुंडे से चुनरी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
जब इसकी जानकारी पड़ोसियों को हुई तो उन्होंने माता-पिता को सूचना दी। जानकारी मिलने पर मकान पर पहुंची मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पिता ने शव को फंदे से उतारा। इसके बाद शव को परिजन अपने पैतृक गांव ले गए, जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मृतक चार भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। थाना प्रभारी बोबिंद्र कुमार ने बताया कि इस बारे में ऐसी कोई जानकारी उन्हें नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।