छुटमलपुर (सहारनपुर)। केले के गोदाम में बने कोल्ड स्टोर के गेट में करंट आने से एक युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरा मामूली रूप से झुलस गया।
फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर भादो निवासी शाकिर (35) पुत्र इमरान और बुरहान पुत्र अफजाल रविवार की सुबह 10 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर के पास स्थित हाजी के होटल पर चाय पी रहे थे। इसी दौरान वे होटल के बगल में स्थित कोल्ड स्टोर के गेट के सामने खड़े होकर बात करने लगे। अचानक उनका हाथ कोल्ड स्टोर के लोहे के चैनल पर लग गया। उसमें करंट दौड़ रहा था, जिसकी चपेट में आकर शाकिर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बुरहान मामूली रूप से झुलस गया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को अपने साथ घर ले गए। बेहद गमगीन माहौल में शव को सुपुर्दे खाक किया गया।
थानाध्यक्ष प्रमोद रावल ने बताया कि मृतक के परिजनों ने थाने पर सूचना तक नहीं दी है। यदि तहरीर देते तो जांच कर कार्रवाई की जाती। संवाद