सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित जीएनजी मॉल की खराब लिफ्ट में घुसा युवक नीचे गिर गया और सरिया गर्दन में घुसने से उसकी मौत हो गई। लिफ्ट पर खराब होने का न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगा था और न ही उसको बंद किया हुआ था। घटना के बाद मॉल के प्रबंधक और कर्मचारी मौके से भाग गए। गुस्साए परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए मॉल के मालिक और प्रबंधक के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में तहरीर दी है।
कोतवाली रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर बहलोलपुर निवासी अमन कुमार (28) पुत्र राम सिंह शुक्रवार शाम करीब छह बजे चचेरे और तहेरे भाई पंकज, विपिन और सोनू के साथ महानगर में दिल्ली रोड स्थित जीएनजी मॉल के पास हलवाई की दुकान खोलने के लिए किराये पर एक दुकान देखने आया था।
दुकान देखने के बाद चारों जीएनजी मॉल में घूमने के लिए चले गए। अमन सहित चारों सीढि़यों से मॉल की दूसरी मंजिल पर पहुंच गए। बाद में नीचे आने के लिए लिफ्ट के पास गए। यह लिफ्ट खराब थी और प्रयोग में नहीं है, का कोई चेतावनी बोर्ड नहीं लगा था और न ही उसको बंद किया हुआ था। बटन दबाने पर लिफ्ट के दरवाजे नहीं खुले तो अमन ने जोर से हाथ लगाया तो लिफ्ट के दरवाजे खुल गए, जिसमें बिना ध्यान दिया वह घुस गया। लिफ्ट में खड़े होने वाला फर्श नहीं होने से अमन सीधे नीचे बेसमेंट में जा गिरा और सरिया गर्दन में घुसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद मॉल मैनेजर व अन्य कर्मचारी मौके से भाग गए। अमन के साथ आए विपिन, पंकज और सोनू ने पुलिस और परिजनों को जानकारी दी।
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि परिजनों की ओर से मॉल के मैनेजर और स्वामी के खिलाफ तहरीर दी गई है। जांच में मॉल प्रबंधन की लापरवाही उजागर हुई है।
फाइल फोटो अमन कुमार