वारदात को अंजाम देकर बाइक सवार युवक हुए फरार
घायल को जिला अस्पताल कराया भर्ती
तीतरों। युवती द्वारा छेड़छाड़ का आरोप लगाए जाने पर उसके तीन सहयोगियों ने युवक और उसके साथी की पिटाई कर दी। पिटाई से क्षुब्ध युवक द्वारा अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए हमलावरों का पीछा किया गया तो उन्होंने युवक को गोली मार दी और फरार हो गए। घायल को गंभीर हालत में सीएचसी से जिला अस्पताल भेजा गया है।
बृहस्पतिवार की शाम चार बजे नगर के मोहल्ला शेखजादगान निवासी अनस पुत्र अरशद अपने एक साथी युवक के साथ पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के सामने बाइक लिए खड़ा था। इसी बीच मेन बाजार की तरफ से आई एक लड़की ने सामने से आ रहे बाइक सवार तीन युवकों को रोक कर इन दोनों पर अपने साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा दिया। बाइक सवार तीनों युवकों ने अनस और उसके साथी से मारपीट शुरू कर दी। यह देख आस पास के दुकानदारों ने दोनों पक्षों का बीच बचाव करा उन्हें उनके रास्ते पर चलता किया। युवती भी अपने रास्ते चली गई। बाइक सवार तीनों युवक बाजार की ओर जाने लगे तो पिटाई के शिकार अनस और उसके साथी ने उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए उनके पीछे अपनी बाइक लगा दी। आरोप है कि हमलावर युवकों में से बाइक पर सबसे पीछे बैठे युवक ने अनस पर फायर कर दिया। गोली अनस के पैर में लगी और वह बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा। घटना को अंजाम देकर हमलावर युवक मुख्य बाजार के रास्ते होते हुए फरार हो गए।
गोली लगने की सूचना पर अनस के परिजन और कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए गंगोह चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां से उसे गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया गया। देर शाम तक मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी। उधर, एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि अभी तक यह सामने आया है कि कुछ लोगों के बीच झगड़ा था और पीड़ित युवक बीच में आया था। इसी दौरान इसे गोली लग गई। बाकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।