रेलवे ट्रैक पर लोकोमोटिव ट्रायल का उद्घाटन करते अधिकारी। श्रोत- रेलवे
सरसावा (सहारनपुर)। सुंआखेड़ी के समीप एक युवक रेलवे ट्रैक के बराबर में बुरी तरह झुलसा हुआ शव पड़ा मिला। शव के समीप ही प्लास पेचकस भी पड़े थे। साथ ही रेलवे लोकोमोटिव को विद्युत आपूर्ति करने वाली विद्युत तार भी अधकटी अवस्था में लटकी थी। माना जा रहा है कि युवक तार चोरी करने के इरादे से आया था जो हाई वोल्टेज करंट का शिकार हो गया।
रविवार सुबह 11:30 बजे सरसावा थाना क्षेत्र के ग्राम सुआखेड़ी में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के रेलवे ट्रैक के समीप एक युवक का शव मिलने की सूचना पर सरसावा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। शव बुरी तरह झुलसी अवस्था में था तथा समीप ही बिजली के तार काटने के लिए प्लास आदि पड़े हुए थे। डीएफसी रेलवे ट्रैक के समीप ही इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव को विद्युत आपूर्ति करने वाली अर्थिंग की तार भी अधकटी अवस्था में लटक रहा था। जिसके कुछ तार कटे हुए थे। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि रेलवे ट्रैक के समीप खेतों में कई लोगों के पैरों के निशान मिले हैं, संभवतः कई चोर होंगे जिनमें से एक तार काटते समय करंट लगने से मौत का शिकार हो गया होगा।
सरसावा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक शहजाद (26) के पिता अनवर तथा पत्नी सबीना ने पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर डाले गए मैसेज के आधार पर थाने पहुंचकर उसकी शिनाख्त की। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया यही सामने आया है कि युवक रेलवे का तार चोरी से काटने आया था। युवक के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।