सहारनपुर में यमुना में आई बाढ़ से धंसा ट्रैक, रेल यातायात ठप
सरसावा (सहारनपुर)। हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए दो लाख 95 हजार क्यूसेक पानी से यमुना नदी में बाढ़ के हालात बन गए। यमुना के पानी ने सरसावा के पास शाहजहांपुर में रेलवे ट्रैक का क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे सहारनपुर से होकर पंजाब, हरियाणा, जम्मू, दिल्ली और बिहार जाने वाली 28 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है।
इस दौरान सूचना मिलने पर अमृतसर से सहरसा बिहार जाने वाली जनसेवा एक्सप्रेस को आपात स्थिति में क्षतिग्रस्त ट्रैक से 500 मीटर पहले रोका गया और एक बड़ा हादसा होने से गया। इस मार्ग की 17 ट्रेनों को सहारनपुर, अंबाला, रुड़की में रद्द किया गया है, जबकि नौ ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर मुरादाबाद, दिल्ली, पानीपत, अंबाला रेलमार्ग से निकाला जा रहा है।
ट्रैक की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। डीआरएम ने देर रात तक ट्रैक को दुरुस्त कर ट्रेनों का संचालन करने की बात कही है। बताया जा रहा है कि सहारनपुर-अंबाला रेल टैक पर शाहजहांपुर से आगे रेलवे के किलोमीटर संख्या 200/ 14-20 के बीच ट्रैक धंसने से अप और डाउन दोनों ओर की लाइन बैठ गई। पानी डेडीकेटिड फ्रेट कॉरिडोर के लिए बिछाए जा रहे ट्रैक के मिट्टी के प्लेटफार्म को भेदते हुए पार हो गया।
केबल डालने के कार्य के चलते कमजोर हुआ ट्रैक
सरसावा। यमुना के पानी ने शाहजहांपुर के पास जहां ट्रैक के नीचे मिट्टी का कटान किया, वहां भूमिगत केबल डालने का कार्य किया जा रहा था। इससे ट्रैक कमजोर हुआ और यमुना का पानी ने इसी स्थान पर मिट्टी को काटना शुरू कर दिया, जिससे ट्रैक धंस गया।
अप तथा डाउन दोनों लाइनें बैठ र्गइं। इसके बाद डेडीकेटिड फ्रेट कॉरिडोर के लिए बिछाए जाने वाले रेलवे ट्रैक की मिट्टी के प्लेटफार्म को भेदकर पार हो गया। जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने तत्काल ही ट्रेनों को सहारनपुर और अंबाला में रोक दिया। सरसावा रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी को रोक दिया गया। अंबाला मंडल के डीआरएम समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए है। संवाद
500 मीटर पहले रोकी जनसेवा एक्सप्रेस
अमृतसर से सहरसा बिहार जाने वाली 14618-17 जनसेवा एक्सप्रेस को क्षतिग्रस्त रेलवे ट्रैक से 500 मीटर पहले ही रोका गया। गनीमत रही कि ट्रेन को समय से रोक दिया गया वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सरसावा थाने के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह भारी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रैक पर टहल रहे तमाशबीनों को भगाया। रेलवे की तकनीकी टीम को कार्य करने में सहायता की।
- पानी के कटान के कारण टैक धंसा: डीआरएम
- यमुना में छोड़े गए पानी के कारण रेलवे ट्रैक धंसा है। इसकी जानकारी दोपहर साढे 12 बजे मिली गई थी। अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर कुछ ट्रेनों को 20 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से निकाला, मगर जब ट्रैक काफी धंस गया तो डाउन और अप दोनों लाइनों पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया है। 28 ट्रेन प्रभावित हुई हैं, जिनमें में कुछ को रद्द किया गया है, बाकी को मार्ग बदल कर अंबाला, पानीपत, दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद होकर निकाला जा रहा है। ट्रैक ठीक करने के लिए करीब दो सौ लोग लगाए गए है। देर रात तक ट्रैक को ठीक करा कर ट्रेनों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा।
- जीएम सिंह, डीआरएम, रेलवे मंडल अंबाला
ये ट्रेनें हुई रद्द
-ट्रेन नंबर 15011 लखनऊ-चंडीगढ़ सदभावना एक्सप्रेस
-15012 चंडीगढ़-लखनऊ सदभावना एक्सप्रेस
-22355 पाटलीपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस
-22356 चंडीगढ़-पाटलीपुत्र एक्सप्रेस
-14711 हरिद्वार-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस
-12053 हरिद्वार-अमृतसर जनशताब्दी एक्सप्रेस
-04523 सहारनपुर-नंगलडैम एक्सप्रेस
-04532 अंबाला-सहारनपुर एक्सप्रेस
-15421 दिल्ली-अंबाला एक्सप्रेस
-14605 ऋषिकेश-जम्मूतवी एक्सप्रेस
-14605 ऋषिकेश-जम्मूतवी एक्सप्रेस
-12528 चंडीगढ़-रामनगर एक्सप्रेस साप्ताहिक
-04501 सहारनपुर-ऊना हिमाचल एक्सप्रेस
-04502 ऊना हिमाचल-सहारनपुर एक्सप्रेस
-04578 अंबाला-सहारनपुर मेमू एक्सप्रेस
-13308 फिरोजपुर-धनबाद एक्सप्रेस
-18238 अमृतसर-बिलासपुर एक्सप्रेस
इन ट्रेनों के बदले मार्ग
-ट्रेन नंबर 12317 कोलकत्ता-अमृतसर अकालतख्त एक्सप्रेस को सहारनपुर, गाजियाबाद, अंबाला से होकर निकाली गई
-14617 सहरसा-अमृतसर एक्सप्रेस को सहारनपुर, गाजियाबाद से अंबाला
-14618 अमृतसर-सहरसा जनसेवा एक्सप्रेस को अंबाला, दिल्ली, गाजियाबाद से मुरादाबाद
-12903 मुंबई-अमृतसर गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस को दिल्ली, पानीपत से अंबाला
-14681 नई दिल्ली-जालंधर इंटरसिटी एक्सप्रेस दिल्ली, पानीपत से अंबाला
-14661 बा़िमेर-जम्मूतवी एक्सप्रेस को दिल्ली, पानीपत से अंबाला
-13151 कोलकत्ता-जम्मूतवी एक्सप्रेस को मुरादाबाद, दिल्ली से अंबाला
-14650 अमृतसर-जयनगर एक्सप्रेस को अंबाला, दिल्ली से मुरादाबाद
-12238 जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा एक्सप्रेस बदले मार्ग से चली
इन्हें चलाया लेट
-14881 ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस को ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से देरी से चलाया।
-12232 चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस को चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से चलाया।
ग्राम शाहजहांपुर में रेलवे ट्रैक को ठीक करती रेलवे की तकनीकी टीम- फोटो : SAHARANPUR
शाहजहांपुर के पास रुकी जनसेवा एक्सप्रेस और नीचे खड़े यात्री- फोटो : SAHARANPUR
शाहजहांपुर के पास रेलवे लाइन पर हुआ मिट्टी का कटाव- फोटो : SAHARANPUR
शाहजहांपुर में रेलवे लाइन के नीचे से हटी मिट्टी और पत्थर- फोटो : SAHARANPUR