शाकंभरी खोल से पैदल होकर माता के दर्शनों को जाते श्रद्वालु
- फोटो : SAHARANPUR
शाकंभरी (सहारनपुर)। सिद्धपीठ शाकंभरी देवी में शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन श्रद्धालुओं ने पहुंच जगत जननी मां भगवती के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया।
मंगलवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं का सिद्धपीठ में पहुंचना ुशुरू हो गया था। धार्मिक मान्यता के अनुसार भक्तों ने सर्वप्रथम बाबा भूरा देव के दर्शन कर बाद मां भगवती के दरबार में मत्था टेका। सभी श्रद्धालुओं के चौपहिया वाहनों को नागल माफी और दोपहिया वाहनों को भूरा देव पार्किंग पर रोका जा रहा है। सिद्धपीठ तक 1.5 किमी लंबा सफर होने के बाद भी श्रद्धालुओं की आस्था में कमी नजर नहीं आ रही है। सिद्ध पीठ में भूरादेव से मां के भवन तक लेटकर जाने वाले श्रद्धालुओं की आस्था भी देखते ही बन रही है। श्रद्धालु शंकराचार्य आश्रम में पहुंचकर सहजानंद ब्रह्मचारी से आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
इसके अलावा भक्तों ने शिवालिक पहाड़ियों के मध्य स्थित पांच किमी दूर संहस्रा ठाकुर मंदिर, रक्तदंतिका मंदिर, छिनन्मस्तिका मंदिर में भी पहुंच कर धर्म लाभ कमाया। सीओ मुनीश चंद्र एवं तहसीलदार प्रकाश सिंह ने मेला परिक्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा।