उत्तराखंड में हादसे के दौरान मजदूर की मौत
बेहट। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में निर्माणाधीन टनल (सुरंग) में काम करने के दौरान हुए हादसे में मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव कासमपुर निवासी मजदूर की मौत हो गई। परिजन शव को लाने के लिए रात में ही टिहरी रवाना हो गए थे, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंपा जाएगा। हादसा रविवार शाम हुआ। ग्राम प्रधान अनिल राणा ने बताया कि उनके गांव का अरशद (24) पुत्र महबूब लेबर के साथ उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में बनाई जा रही टनल में काम करने के लिए गया था। शाम को वहां से सूचना मिली थी कि टनल में काम करते समय मिक्चर मशीन का लोहे का गाटर अरशद के सिर पर गिर गया। उसे घायल हालत में टिहरी के एक अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।