रॉयल क्रिकेट एकेडमी में आयोजित महिला क्रिकेट कोचिंग कैंप में ट्रायल देते खिलाड़ी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। जनपद में पहली बार आयोजित हो रहे महिला खिलाड़ियों के क्रिकेट शिविर के दूसरे दिन खिलाड़ियों के स्किल पर काम किया गया। उत्तर प्रदेश की रणजी टीम की सदस्य रही भावना तोमर और सचिन सैनी ने खिलाड़ियों की क्षमता को परखते हुए उनकेे सुधार के टिप्स दिए।
गलीरा रोड स्थित रॉयल क्रिकेट एकेडमी में आयोजित शिविर के दूसरे दिन महिला खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया। उन्होंने बल्लेबाजी के साथ ही गेंदबाजी में दमखम दिखाया। दोनों प्रशिक्षकों ने स्किल में कमियों को पकड़कर उन्हें दूर करने का प्रयास किया। इसके लिए खिलाड़ियों को कई बारीकियां समझाई गई। भावना तोमर ने बताया कि शिविर में प्रतिभाग कर रही लड़कियों में खेल को लेकर जुनून है। निश्चित रूप से यही जुनून उन्हें आगे तक लेकर जाएगा। सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष साजिद उमर और राजीव गोयल ने शिविर में पहुंचकर खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सराहा। उन्होंने शिविर की सफलता के हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। शिविर के आयोजन में मो. अमीर कुरैशी, विनय चौधरी, रविश राठी, अर्जुन चौहान, अर्जुन सिंह, सचिन गर्ग, तनवीर, शोएब, राम अवतार, दीपक खटाना आदि का सहयोग रहा।