सहारनपुर। जनपद में तहत नए मतदाता बनाने के अभियान ने गति पकड ली है। जनपद में 27 अक्तूबर से पांच नवंबर के बीच 12361 लोगों ने नए मतदाता बनने के लिए आवेदन किया है। आवेदन करने वालों में महिलाओं की संख्या पुरुषों की तुलना में 1462 अधिक है।
जनपद में नए मतदाता बनाने का कार्य जाेरों पर है। इसके लिए 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनने के लिए फार्म-6 के माध्यम से आवेदन करना है। 27 अक्तूबर से पांच नवंबर तक इसमें मतदाता बनने के लिए 12361 फार्म-6 के तहत आवेदन किए गए हैं। अब तक 12361 लोगों ने मतदाता बनने के लिए फार्म-6 भरा है। इनमें 6402 महिलाओं और 4940 पुरुषाें ने मतदाता बनने के लिए आवेदन किया।
इसके अलावा छह दिव्यांगों ने भी मतदाता बनने का फार्म भरा है। सत्यापन के दौरान जनपद में 2519 मतदाता मृतक पाए गए हैं जबकि 219 मतदाता दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो गए हैं। इसके साथ ही 701 मतदाताओं के निर्वाचन नामावली में नाम डुप्लीकेट पाए जाने के चलते एक जगह से नाम निरस्त कर दिए गए हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी हरीकृष्ण शर्मा ने बताया कि सही मतदता सूची लोकतंत्र का आधार है। निर्वाचक नामावली में संशोधन के लिए नौ दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराए जा सकते हैं। इनका निस्तारण 26 दिसंबर तक किया जाएगा। अभी 25 नवंबर, 26 नवंबर, दो और तीन दिसंबर को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान भी चलाया जाएगा।