-स्मार्ट सिटी सहारनपुर की सीईओ बोलीं, एसटीपी बनने के बाद ही चालू होगी सीवर लाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। स्मार्ट सिटी योजना के तहत महानगर के जोन तीन और चार में डाली जा रही सीवर लाइन के चालू होने में अभी समय लगेगा। दरअसल, स्मार्ट सिटी सहारनपुर की सीईओ नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने स्पष्ट किया है कि एसटीपी बनने के बाद ही नई सीवर लाइन को क्रियाशील किया जाएगा। जिससे एनजीटी के उन आदेशों का पालन हो सके, जिसमें नदियों को गंदा नहीं करने की बात कही गई है।
गजल भारद्वाज ने स्मार्ट सिटी के सीवर लाइन कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि रेलवे लाइन की उत्तर दिशा के शहरी क्षेत्र में स्मार्ट सिटी के तहत करीब 50 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन डालने का कार्य कार्यदायी संस्था जेएसपी द्वारा किया जा रहा है। यह क्षेत्र नगर निगम में जोन तीन और चार के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि नई सीवर लाइन अभी चालू नहीं की गई है, क्योंकि नई सीवर लाइन को एसएएम इंटर कॉलेज के निकट बनने वाले नए ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि नया ट्रीटमेंट प्लांट नमामि गंगे योजना के अंतर्गत निर्मित होगा। प्लांट स्वीकृत हो चुका है और उसके लिए स्थान भी चिह्नित कर लिया गया है। अभी ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य शेष है। इस प्लांट के निर्माण का कार्य उत्तर प्रदेश जल निगम ग्रामीण द्वारा किया जाएगा। नई सीवर लाइन को नए ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ा जाएगा। वहां सीवरेज को उपचारित कर एनजीटी की गाइड लाइन के अनुसार ढमोला में छोड़ा जाएगा। कुछ जन शिकायतों से संज्ञान में आया है कि कुछ लोगों ने अपने सीवर कनेक्शन नई सीवर लाइन से जोड़ लिए हैं, जबकि अभी सीवर लाइन का कार्य पूर्ण नहीं हुआ है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह सीवर लाइन तथा नए ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य पूर्ण होने तक नई सीवर लाइन से अपने कनेक्शन न जोडे़ं। ऐसा करने पर सीवर के बैक फ्लो का सामना करना पड़ सकता है।