सहारनपुर। अब रोडवेज बसों में सफर करना महंगा होगा। बसों में यात्री किराए में 25 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है। जिससे यात्रियों की जेब ढीली होगी। सहारनपुर से देहरादून 18, हरिद्वार 20, दिल्ली 43 और लखनऊ जाने के लिए 158 रुपये वर्तमान किराये से अतिरिक्त देने होंगे। अगले सप्ताह से नई किराये दरें लागू हो सकती है।
परिवहन निगम की तरफ से साधारण बसों का किराया बढ़ाने का प्रस्ताव दिया गया था। जिस पर राज्य परिवहन प्राधिकरण ने परिवहन निगम के किराया बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। परिवहन निगम के अधिकारियों का कहना है कि किराये में बढ़ोतरी होने से लाभ मिलेगा। क्योंकि पिछले कई सालों से डीजल सहित स्पेयर पार्ट्स के दाम बढ़े हैं, लेकिन किराये में बढ़ोतरी नहीं हुई थी। किराये में बढ़ोतरी से रोडवेज को प्रति माह करोड़ों रुपये का लाभ पहुंचेगा।
सहारनपुर परिवहन निगम परिक्षेत्र में छह डिपो आते हैं। जिनमें सहारनपुर, छुटमलपुर, मुजफ्फरनगर, खतौली, शामली और गंगोह हैं। जिनसे प्रति दिन 60 से 65 लाख रुपये की आय होती है।
-सहारनपुर से इतना होगा किराया
मार्ग वर्तमान किराया अनुमानित वृद्घि
देहरादून 90 18
हरिद्वार 137 20
ऋषिकेश 191 29
मेरठ 176 34
मुजफ्फरनगर 100 20
दिल्ली वाया शामली 205 43
लखनऊ 752 158
अलीगढ़ 368 73
आगरा 469 96
शामली 82 18
अंबाला 125 26
वर्जन
परिवहन निगम की तरफ से रोडवेज बसों का किराया बढ़ाने का प्रस्ताव दिया था। शासन से किराया बढ़ाने के आदेश आते ही उसे लागू कर दिया जाएगा। लंबे समय के बाद रोडवेज बसों के किराये में वृद्धि हुई है।
- अनिल कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम