देवबंद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है। अस्पताल के डेंटल विभाग में चिकित्सक तो हैं, लेकिन वहां दांतों का एक्स-रे करने के लिए मशीन नहीं है। वहीं, अल्ट्रासाउंड मशीन है तो इसे चलाने के लिए रेडियोलॉजिस्ट चिकित्सक ही नहीं है। जिसके चलते मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मरीजों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए करीब एक वर्ष पूर्व महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन को मंगाया गया था। महज दो-तीन महीने ही मशीन चल सकी। इसके बाद यहां से रेडियोलॉजिस्ट चिकित्सक का स्थानांतरण हो गया। जिसके चलते पिछले करीब चार-पांच माह से मशीन एक कमरे में पड़ी धूल फांक रही है। यही हाल डेंटल विभाग का है। यहां चिकित्सक डॉ. अनुज चौहान तैनात हैं, लेकिन दांतों का एक्स-रे करने के लिए मशीन ही नहीं है, जबकि इस मशीन की सबसे ज्यादा जरूरत है।
इन समस्याओं के चलते लोगों को प्राइवेट चिकित्सकों की लूट खसूट का शिकार होना पड़ रहा है। समाजसेवी एवं अधिवक्ता मनोज सिंघल ने मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. संजीव मांगलिक से मिलकर उन्हें इस समस्या से अवगत कराया है। वहीं, व्यापारी नेता विवेक तायल, राजेश सिंघल एवं चौधरी ओमपाल सिंह आदि ने सरकार ने सरकारी अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं में सुधार लाए जाने की मांग की है।
समय-समय पर शासन को लिखते हैं पत्र
अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में समय-समय पर अधिकारियों के माध्यम से शासन को पत्र लिखा जाते हैं। इस संबंध में शासन स्तर से कार्रवाई होगी। - डॉ. अजय कुमार त्यागी, चिकित्सा अधीक्षक देवबंद