- इब्राहिमपुर माजरा में बीडीओ व पुलिस के साथ साधुओं की नोकझोंक, मंदिर की जमीन पर मशीन चलवाने का आरोप
- एसडीएम ने जमीन सरकारी होने की बात कहते हुए गोशाला बनवाकर चाहरदीवारी कराने की बात कही तो शांत हुए
फोटो 9
संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला। इब्राहिमपुर माजरा गांव में स्थाई गोशाला बनाने के लिए अधिकारियों ने जमीन पर जेसीबी मशीन चलवाई तो नाथ संप्रदाय के साधुओं ने हंगामा कर दिया। वहां कई साधू मशीन के आगे लेट गए और पुलिस ने उनको उठाने का प्रयास किया तो हंगामा बढ़ गया। बीडीओ और पुलिस के साथ साधुओं की नोकझोंक हुई। हालांकि एसडीएम व सीओ के पहुंचने पर बातचीत के बाद साधू शांत हो गए।
इब्राहिमपुर माजरा गांव में अस्थाई गौशाला तालाब के पास बनी हुई हैं। अब प्रशासन ने दातानाथ मंदिर के पास सरकारी जमीन में गौशाला बनाने का प्रस्ताव मंजूर किया। जहां जमीन की लेखपाल से नपाई कराई चिह्नित की गई। जिसके बाद शनिवार को बीडीओ ज्योति बाला, रमाला थाना पुलिस और राजस्व विभाग की टीम जेसीबी मशीन लेकर गांव में पहुंचे। जेसीबी से गौशाला निर्माण के लिए जमीन को समतल कराने लगे तो वहां मौजूद पहले से एकत्र नाथ संप्रदाय के शांतिनाथ, मोहनीनाथ, महेशनाथ, बुधनाथ समेत अन्य साधुओं ने जेसीबी मशीन के सामने लेटकर विरोध करना शुरू कर दिया। जेसीबी को रोक दिया गया तो साधु वहां धरना देकर बैठ गए।
साधुओं का कहना था कि यह जमीन दातानाथ मंदिर की है और उसपर गौशाला नहीं बनने दी जाएगी। यहां हमारे नाथ गुरु दातानाथ की समाधि है। साधुओं ने अन्य साधू भी फोन करके मौके पर बुला लिए। वहां बीडीओ व पुलिस के साथ साधुओं की काफी नोकझोंक हुई। हंगामा बढ़ने पर पहुंचे महंत शांतिनाथ ने कहा कि इस तरह से उनका उत्पीड़न किया गया तो वह अपने नाथ संप्रदाय के मुखिया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूरे मामले की शिकायत करेंगे।
मामला आला अधिकारियों के पास पहुंचा तो एसडीएम सुभाष सिंह भी वहां पहुंच गए। वहां काफी देर तक खींचतान के बाद तय हुआ कि गौशाला की चाहरदीवारी कराई जाएगी और उसका गेट अशरफाबाद थल मार्ग पर बनाया जाएगा। इसपर साधु शांत हो गए और कार्य शुरू कर दिया गया।