सहारनपुर। गेहूं की कटाई शुरू होते ही ग्रामीण क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति घटने लगी है। खासकर कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थी स्कूल में कम आ रहे है। ज्यादातर अभिभावकों के सुबह-सुबह कटाई में जाने के कारण स्कूल चलो अभियान भी प्रभावित हो रहा है। विभाग भी मानता है कि विद्यालयों में 40 फीसदी उपस्थिति कम हो रही है।
परिषदीय विद्यालयों में ज्यादातर विद्यार्थी खेती किसानी और मजदूरी करने वालों के बच्चे हैं। गेहूं कटाई ऐसा समय होता है। ऐसे में किसान ठेके पर कटाई में अपने पूरे परिवार को साथ लगा लेता है।
इन दिनों देहात में यही शुरू हो चुका है। माता-पिता अपने दस साल से अधिक तक के बच्चों को साथ लेकर कटाई में व्यस्त हैं। इसकी वजह से परिषदीय विद्यालयों में उपस्थिति घट रही है।
पंजीकरण का कार्य देख रहे जिला समन्वयक कृपाल मलिक ने बताया कि गेहूं कटाई के कारण विद्यालयों में 40 फीसदी तक उपस्थिति घट जाती है। ऐसा प्रत्येक वर्ष होता है, लेकिन विभाग और शिक्षकों के स्तर से प्रयास यही किया जा रहा है कि शत प्रतिशत उपस्थिति रहे। रही बात नामांकन की तो पंजीकरण सालभर चलते हैं। ऐसे में शिक्षकों के साथ ही ग्राम प्रधान भी इसमें लगे हैं। चूंकि ग्राम प्रधान 24 घंटे अपनी ग्राम पंचायत में रहता है वह किसी भी समय अभिभावकों से मिलकर पंजीकरण के लिए कह सकता है और शिक्षक को सूचित कर सकता है।