-जनपद में सोमवार की रात से रुक-रुककर लगातार हो रही है बारिश
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। बारिश से शहर भर में जलभराव और कीचड़ की स्थिति है। इसकी वजह से नागरिकों को खासी परेशानी हो रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन और बारिश होने का अनुमान जताया है। मंगलवार की सुबह आठ बजे से बुधवार की सुबह आठ बजे तक 54 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
जनपद में सोमवार की रात से बारिश हो रही है। बादल लगातार छाए हुए हैं, जबकि बारिश रुक रुककर हो रही है। झमाझम बारिश से महानगर के निचले क्षेत्रों में जलभराव है। रामविहार कॉलोनी, नंदपुरी कॉलोनी, हसनपुर का आईटीसी रोड वाला क्षेत्र, डॉ. आंबेडकर स्टेडियम के सामने की सड़क सहित अनेक जगहों पर जलभराव है। इसके अलावा नेहरू मार्केट, प्रताप मार्केट, शहीद गंज सहित जिन मार्गों पर सीवर लाइन डालने का कार्य चल रहा है वहां कीचड़ के हालात हैं। सड़क खुदी होने के कारण ही बुधवार को फिर से चौकी सराय के सामने एक वाहन धंस गया। बरसात के कारण टूटी सड़कों, जिनमें कोर्ट रोड, जीपीओ रोड आदि शामिल हैं पर भी गड्ढों में पानी भरा हुआ है। जलभराव और कीचड़ के बीच से होकर गुजरने में राहगीरों को परेशानी हो रही है।
-
मौसम हुआ खुशनुमा, तापमान गिरा
सोमवार की शाम तक जनपद में भीषण गर्मी और उमस का मौसम था। अधिकतम तापमान भी 34 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा था, लेकिन दो दिन से हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आई है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 26 तथा अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा है। यानी लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
-
नदियों में जल स्तर बढ़ा
लगातार हो रही बारिश से महानगर से होकर गुजरने वाली नदियों पांवधोई और ढमोला में जल स्तर बढ़ा है। पांवधोई नदी में बुधवार की सुबह 10 बजे सामान्य दिनों की तुलना में तीन फीट तक पानी अधिक बढ़ा हुआ है। चूंकि पांवधोई नदी ढमोला नदी की सहायक नदी है। ऐसे में ढमोला में भी पानी के स्तर में वृद्धि हुई है।