वन ग्राम सोढीनगर में पीने के पानी के लिए टैंकर पर जुटी भीड़। श्रोत ग्रामीण
सहारनपुर, छुटमलपुर। ब्लॉक मुजफ्फराबाद के वन ग्राम सोढ़ीनगर में पानी का गंभीर संकट हो गया है। एक सप्ताह से गांव की पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। हालांकि समस्या के निदान के लिए प्रधान द्वारा टैंकर से पानी की सप्लाई की व्यवस्था की गई है, लेकिन यह नाकाफी साबित हो रही है। इससे केवल पीने और खाना बनाने का ही पानी मिल पा रहा है।
मोहंड के जंगल में मौजूद प्राकृतिक जलस्रोत से लोहे की पाइप लाइन डालकर ढाई सौ की आबादी वाले वन ग्राम सोढ़ीनगर तक पीने का पानी उपलब्ध कराया जा रहा था। लंबे अरसे से पड़ रही प्रचंड गर्मी के चलते जंगल के तमाम जलस्रोत सूख चुके हैं। इसकी वजह से एक हफ्ते से पीने के पानी की विकराल समस्या पैदा हो गई है। ग्रामीणों की परेशानी देख ग्राम पंचायत गणेशपुर के प्रधान चरण सिंह राठौर ने समस्या का वैकल्पिक समाधान करते हुए गांव में पानी का टैंकर भिजवाना शुरू किया है। इससे थोड़ी राहत तो मिली है लेकिन पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है।
उधर, जल निगम के जेई दुष्यंत कुमार ने बताया कि पहाड़ की तलहटी होने के कारण गहराई तक भी पानी मिलने में दिक्कत आ रही है। बोर को गहरा कर पानी की उपलब्धता कराने का प्रयास किया जा रहा है। सोढ़ीनगर वन ग्राम होने के कारण वहां पाइप लाइन खोदाई के लिए अभी वन विभाग से अनुमति नहीं मिल पा रही है।