देवबंद। समाजसेवी गुरजोत सिंह सेठी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर नगर पालिका परिषद द्वारा जनता के टैक्स की कमाई के 32 लाख टीचर काॅलोनी में बने ट्यूबवेल बोरिंग पर बर्बाद करने का आरोप लगाया उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले की जांच कराकर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में गुरजोत सिंह सेठी ने कहा कि कुछ वर्ष पूर्व नगर पालिका परिषद ने 32 लाख रुपये खर्च कर सराय पीरजादगान से टीचर काॅलोनी जाने वाले मार्ग पर ट्यूबवेल का बोरिंग कराया था। जिसका क्षेत्रीय विधायक बृजेश सिंह द्वारा शिलान्यास लिया गया था, लेकिन सरकारी सिस्टम की लापरवाही के कारण ट्यूबवेल का बोरिंग फेल हो गया। सेठी ने कहा कि सिर्फ जनता के टैक्स की गाढ़ी कमाई के 32 लाख रुपये की बर्बादी हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले की जांच कराकर दोषी अधिकारियों से उक्त धन की वसूली कराने की मांग की है।
शिक्षक नगर काॅलोनी के रास्ते पर ट्यूबवेल करीब 10 वर्ष पूर्व लगा था, लेकिन बिजली और घरों में पेयजल के आपूर्ति के लिए पाइपलाइन कनेक्शन आदि में देरी हुई। हालांकि दो साल पूर्व लोनिवि राज्यमंत्री ने उसका उद्घाटन किया था, लेकिन कुछ दिन चलने के बाद पानी में बजरी आने लगी। जिस कारण यह फेल हो गया। इंजीनियर बुलाकर दिखाएंगे यदि यह ट्यूबवेल दुरुस्त हो गया तो ठीक नहीं तो इसके बगल में दूसरा बनवाया जाएगा। -डाॅ. धीरेंद्र कुमार रॉय, ईओ नगरपालिका देवबंद