सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल में शराब पीकर वार्ड ब्वॉय को ड्यूटी करना भारी पड़ गया। चिकित्सा अधिकारी व कर्मचारियों की शिकायत पर प्रमुख अधीक्षक ने वार्ड ब्वॉय को निलंबित कर दिया है। उसे अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कार्यालय में संबद्ध किया है।
14 अक्तूबर को वार्ड ब्वॉय अशोक कुमार की ड्यूटी आपातकालीन वार्ड में लगाई गई थी। उस समय वार्ड ब्वॉय द्वारा शराब का सेवन किया हुआ था। इसकी पुष्टि उस समय ड्यूटी कर रहे चिकित्सा अधिकारी डॉ. परवेज अहमद व अन्य कर्मचारियों द्वारा की गई। इसकी जांच कराई गई तो शिकायत सही मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रमुख अधीक्षक एवं एडी हेल्थ डा. बृजेश राठौर ने वार्ड ब्वॉय अशोक कुमार को प्रथम दृष्टया दोषी माना और उस पर निलंबन की कार्रवाई की। निलंबन की अवधि तक वार्ड ब्वॉय को एडी हेल्थ कार्यालय में संबद्ध किया है। एडी हेल्थ डॉ. बृजेश राठौर ने बताया कि मामले की विभागीय जांच करने के लिए एसबीडी जिला अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. शेखर यादव को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
पिछले महीने चौकीदार पर हुई थी कार्रवाई
एसबीडी जिला अस्पताल में पिछले महीने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एक चौकीदार पर भी निलंबन की कार्रवाई की गई थी। उसके बाद अब कार्रवाई हुई है।