सहारनपुर। जिला महिला अस्पताल में बुधवार से विटामिन ए संपूर्ण अभियान की शुरुआत हुई। अभियान के तहत 4.82 लाख बच्चों को खुराक मिलेगी।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने उद्घाटन करते हुए बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई। उन्होंने कहा कि विटामिन ए बच्चों के लिए सुरक्षा कवच है। अभिभावक अपने नौ माह से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को विटामिन ए की खुराक अवश्य पिलाएं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि अभियान का पहला चरण 10 जून से शुरू होकर एक माह तक चलेगा। इस दौरान जिले के 4,82,860 बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जाएगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि अभियान का संचालन एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से किया जाएगा। बुधवार और शनिवार को आयोजित टीकाकरण सत्रों में बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जाएगी। इस मौके पर वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. संजय यादव, डॉ. नवदीप गुप्ता, एसीएमओ डॉ. कपिल देव, विनोद कुमार, पवन आदि रहे।