बेहट (सहारनपुर)। मिर्जापुर थाने में तैनात कोतवाली प्रभारी विरेश पाल गिरि तीन राज्यों हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंड से लगने वाली अपने थाने की सीमा की मुस्तैदी से निगरानी कर रहे हैं, ताकि सहारनपुर में संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सके। वे देर रात तक और फिर मुंह अंधेरे भी अन्य राज्य से लगी सीमाओं पर गश्त कर यूपी में घुसने की कोशिश करने वालों को रोकने के साथ ही ग्लोकल मेडिकल कॉलेज में बने कोविड-19 अस्पताल में भर्ती रोगियों से माइक के माध्यम से बात कर उनका हौसला बढ़ाते हैं। रिलीज होने वाले रोगियों को क्वारंटीन या उनके घरों को पहुंचाने की व्यवस्था करते हैं। मूल रूप से जनपद बागपत के थाना दोघट क्षेत्र के गांव कान्हड़ के निवासी विरेश पाल तीन माह से घर भी नहीं गए। बच्चों और पत्नी से वीडियो कॉल पर ही बात हो पाती है।