डीएम कार्यालय के बाहर धरना देते भाजपा बूथ अध्यक्ष व ग्राम घसौती रामपुर के ग्रामीण
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। ग्रामीणों ने रामपुर मनिहारान तहसील क्षेत्र में कार्यरत एक लेखपाल पर भ्रष्टाचार में लिप्त रहने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पर नारेबाजी कर धरना दिया। अपर उप जिलाधिकारी रामजीलाल को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
सोमवार को ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पहुंच कर डीएम दफ्तर के समक्ष धरना दिया। बाद में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन में ग्राम घसौती के अक्षयवीर सिंह ने कहा कि वह भाजपा के गांव बूथ संख्या 146 के अध्यक्ष हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनसे हिस्सा प्रमाणपत्र बनाने के नाम पर न सिर्फ 500 रुपये की रिश्वत मांगी गई बल्कि अभद्र व्यवहार भी किया गया। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत उप जिलाधिकारी और तहसीलदार से की गई, लेकिन आरोपी के विरुद्ध आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने संबंधित लेखपाल की जांच कराकर उसके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इस दौरान नीरज चौधरी, अजयवीर, विपिन पंवार, जगवीर, अरुण पंवार, रणवीर सिंह, चरत सिंह, विकास सिंह, प्रीतम सिंह, गौतम, हुकुम सिंह, शुभम पंवार आदि मौजूद रहे।