मसखरा नदी में डूबे व्यक्ति की तलाश करती एसडीआरएफ की टीम।
- फोटो : SAHARANPUR
चिलकाना (सहारनपुर)। मसखरा नदी में डूबे व्यक्ति का 36 घंटे बाद भी कोई पता नहीं चल पाया है। लगातार अभियान के बावजूद एनडीआरएफ, पुलिस तथा ग्रामीणों को निराशा ही हाथ लगी है।
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार की सुबह चिलकाना क्षेत्र के गांव गोवर्धनपुर दुलानी निवासी कीरत सिंह पुत्र दलसिंह अपने पशुओं के लिए चारा लेने के लिए खेत में जा रहा था। गांव तथा खेत के बीच में पड़ने वाली मसखरा नदी को पार करते समय वह नदी के तेज प्रवाह में डूब गया था। थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने अपनी टीम एवं स्थानीय गोताखोरों की मदद से कीरत की तलाश की। देर शाम तक भी कीरत का कोई पता नहीं चल पाया था। शुक्रवार प्रात: थाना प्रभारी एवं राज्य आपदा मोचन दल की टीम ने मोटरबोट की मदद से नदी में दो किमी लंबाई तक कीरत सिंह की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। कीरत सिंह को तलाश करने के लिए सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण नदी के किनारे मौजूद रहे।
घटनास्थल पर मौजूद तहसीलदार सदर विपिन द्विवेदी ने बताया कि मसखरा नदी में पानी कम होने के कारण मोटर बोट सही नहीं चल पाई। डूबे हुए व्यक्ति के मिट्टी के नीचे दबा होने की संभावना है। नदी में अधिक पानी छुड़वाकर शनिवार को फिर एनडीआरएफ की टीम डूबे व्यक्ति को तलाश करेगी।
एसडीएम सदर किंशुक श्रीवास्तव ने बताया कि डूब हुए व्यक्ति की तलाश के लिए शनिवार को पुन: अभियान चलाया जाएगा। मौके पर तहसीलदार सदर तथा राजस्व विभाग की टीम मौजूद है।