बेहट पुलिस द्वारा कब्जे में लिए गए अवैध खनिज से भरे वाहन
- फोटो : SAHARANPUR
ग्रामीणों ने पकड़े खनिज से भरे वाहन, पुलिस को सौंपे
बेहट (सहारनपुर)। बिना रॉयल्टी रंडौल गांव से निकाले जा रहे खनिज से भरे वाहनों को ग्रामीणों ने रास्ता बंद कर रोक लिया। इन वाहनों को गांव के रास्तों से लाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से तीन वाहनों को कब्जे में लिया है। इनमें दो ट्रैक्टर-ट्राली और एक डंपर शामिल है।
पिछले काफी समय से रात के समय खनिज से भरे वाहन रंडौल गांव की आबादी से निकाले जा रहे हैं। इन ओवरलोडिंग वाहनों से गांव के संपर्क मार्ग और हाल ही में गन्ना विभाग द्वारा बनाई गई सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से की, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। बृहस्पतिवार की रात ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया और उन्होंने रास्ते में बुग्गी आड़ी तिरछी खड़ी कर दी। खुद भी चारपाई आदि बिछाकर रास्ते पर ही बैठ गए। जैसे ही बिना रॉयल्टी खनिज लेकर वाहन आने शुरू हुए ग्रामीणों ने उन्हें रोकना शुरू कर दिया। दो ट्रैक्टर-ट्रालियों व एक डंपर को रोककर ग्रामीणों ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद बेहट पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। सुनील राणा, धीरज राणा आदि ने बताया कि इन ओवरलोडिंग वाहनों के आवागमन से उनके गांव के संपर्क मार्ग तो क्षतिग्रस्त हो गए है। हाल ही में खेतों पर जाने के लिए गन्ना विभाग द्वारा बनाई गई सड़क भी टूट गई है। इतना ही नहीं आबादी के बीच से होकर गुजर रहे वाहनों से उनके मकान तक हिल जाते है। रातभर बड़ी संख्या में उनके गांव को होते हुए खनिज से भरे ओवरलोडिंग वाहन निकलते हैं। कई बार शिकायत के बाद भी जब कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें खुद ही इन वाहनों को रोकना पड़ा।
उधर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार पांडेय ने बताया कि बिना रॉयल्टी वाले पकड़े गए तीनों वाहनों को सीज कर दिया गया है और संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी गई है।